जाहिद खान की रिपोर्ट
भोपाल में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने पंजाब मेल ट्रेन के जरिए गांजा तस्करी कर राजधानी पहुंचे 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में 5 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने इनके कब्जे से लगभग 36 किलो गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बेहद शातिर तरीके से तस्करी को अंजाम दे रहे थे। गांजे को घरेलू इस्तेमाल के सामान जैसे टोकरी, तगाड़ी, बाल्टी और प्लास्टिक के अन्य सामान के बीच छिपाकर लाया जा रहा था, ताकि जांच एजेंसियों को कोई संदेह न हो। इस तरीके से आरोपी सामान्य यात्रियों की तरह सफर कर नशीले पदार्थ को शहर तक पहुंचाने की कोशिश कर रहे थे।
क्राइम ब्रांच को पहले से सूचना मिली थी कि कुछ लोग बड़ी मात्रा में गांजा लेकर भोपाल पहुंचे हैं और करारिया जंगल के रास्ते छोला क्षेत्र में इसकी सप्लाई करने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने स्टेशन बजरिया इलाके में घेराबंदी कर संदिग्धों पर नजर रखी और सही समय पर कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान गांजे के अलावा दो मोबाइल फोन, बैग और अन्य सामान भी जब्त किया गया।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया, इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी और इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है। जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि क्या यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और दूसरे राज्यों से भी नशे की खेप लाकर भोपाल में सप्लाई करता था।
क्राइम ब्रांच का कहना है कि राजधानी में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे नेटवर्क से जुड़े लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बाइट – शैलेंद्र सिंह चौहान, एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच
