रिपोर्टर – लालसाहब लोधी
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देशन एवं एसडीएम बंडा श्रीमती आरती यादव के मार्गदर्शन में बंडा बृहद सिंचाई परियोजना के अंतर्गत प्रभावित परिवारों के पुनरव्यवस्थापन और विस्थापन की कार्रवाई लगातार जारी है। परियोजना के तहत बन रहे उल्दन बांध क्षेत्र में आने वाले विभिन्न ग्रामों के नागरिकों को मुआवजा वितरण करने के साथ ही उन्हें सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है।
कलेक्टर द्वारा दिए गए निर्देशों के पालन में, विस्थापित हो रहे परिवारों को ग्राम पनारी में व्यवस्थित रूप से बसाया जा रहा है। इसी क्रम में, ग्राम सलैया खुर्द में पूर्व में तीन बार मुनादी कराकर ग्रामीणों को सूचित किया गया था। जिसके बाद आज, 2 जून 2026 को प्रशासनिक और विभागीय टीम की मौजूदगी में विस्थापन की अग्रिम कार्रवाई करते हुए आवासीय संरचनाओं को हटाने का कार्य किया गया।
इस कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था और आपसी समन्वय बनाए रखने के लिए विस्तृत प्रशासनिक अमला मौजूद रहा।जिसमें एसडीएम बंडा श्रीमती आरती यादव, तहसीलदार श्री मोहित जैन, एसडीओपी श्री प्रदीप बाल्मिक, नायब तहसीलदार (बहरोल) श्री जी सी राय, नायब तहसीलदार (बंडा) श्रीमती ज्योति राय, थाना प्रभारी बहरोल श्री धर्मेंद्र सिंह सहित राजस्व निरीक्षक, पटवारी और कोटवार आदि मौजूद रहे। साथ ही जल संसाधन विभाग से परियोजना प्रबंधक श्री अनिरुद्ध आनंद, एसडीओ श्री धरमदास अहिरवार, श्री आकाश सचान एवं सुश्री जिज्ञासा जैन भी मौजूद रहे।
शीघ्र शिफ्ट होने और सहयोग की अपील :
ग्राम में पुनः मुनादी कराकर सभी प्रभावित ग्रामीणों से यह आग्रह किया गया है कि वे आगामी दो दिनों के भीतर नियमानुसार अपने घरों को खाली कर दें, ताकि मानसून के पहले समय पर विस्थापन की प्रक्रिया पूरी की जा सके। सभी प्रभावित परिवारों से अपील की गई है कि वे ग्राम पनारी में उन्हें आवंटित किए गए पट्टों (प्लॉट) वाले निर्धारित स्थान पर शीघ्रता से शिफ्ट हों और इस विकास परियोजना के सुचारू क्रियान्वयन में प्रशासन का सहयोग करें। विस्थापन की यह कार्रवाई शांतिपूर्ण और निरंतर जारी है।

