राजधानी भोपाल में चाकूबाजी की घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने वारदात के बाद अपनी पहचान छिपाकर फरार होने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की सक्रियता के चलते उन्हें समय रहते पकड़ लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी जसवंत, जो शबरी नगर थाना कमला नगर थाना क्षेत्र का निवासी है, 27 अप्रैल 2026 को अपने दोस्तों के साथ नादरा बस स्टैंड गया हुआ था। वहीं उसकी मुलाकात पुराने परिचित प्रेम थापा से हुई। बातचीत के दौरान प्रेम थापा ने उसे घूमने का प्रस्ताव दिया, जिसे जसवंत ने स्वीकार कर लिया।
इसके बाद प्रेम थापा और उसके साथियों ने जसवंत को भानपुर ब्रिज के पास एक सुनसान मैदान में ले जाकर उसके साथ मारपीट की। घटना के दौरान आरोपियों ने चाकू से हमला कर जसवंत को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई और आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी थाना कमला नगर, छोला मंदिर थाना क्षेत्र सहित अन्य स्थानों के निवासी हैं और सभी एक-दूसरे के पूर्व परिचित हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी और पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी में निरीक्षक अवधेश सिंह भदौरिया, अमित भदौरिया, विवेक शर्मा, सुनील दुबे, आशीष त्यागी, राकेश मंडलोई, धनंजय भदौरिया, संजीव भदौरिया और अरविंद बघेल की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है और घटना के पीछे के कारणों की गहन जांच की जा रही है। इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में पुलिस की तत्परता की सराहना की जा रही है।
रिपोर्ट: जाहिद खान
