तेलंगाना में NEET UG री-एग्जाम के दौरान कई परीक्षा केंद्रों पर भावुक दृश्य देखने को मिले। 1-2 मिनट की देरी से पहुंचने पर कई अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया गया, जिसके बाद उनके परिजन सुरक्षा कर्मियों और पुलिस अधिकारियों से गुहार लगाते नजर आए।
मेडचल जिले के कीसरा में एक पिता अपनी बेटी को परीक्षा में शामिल कराने के लिए अधिकारियों से विनती करते हुए पुलिसकर्मियों के पैरों तक में गिर पड़े। उनका कहना था कि Google Maps ने गलत रास्ता दिखा दिया, जिसके कारण वे कुछ मिनट देर से पहुंचे।

वहीं जगतियाल जिले में एक मां भी अपनी बेटी को परीक्षा में प्रवेश दिलाने के लिए सुरक्षा कर्मियों के सामने गिड़गिड़ाती नजर आई। इसके अलावा हैदराबाद के KPHB स्थित JNTU परीक्षा केंद्र पर भी दो छात्राओं को कुछ मिनट की देरी के कारण एंट्री नहीं मिली। अधिकारियों से बार-बार अनुरोध करने के बावजूद उन्हें परीक्षा में शामिल नहीं होने दिया गया।

इन घटनाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। वहीं कई लोगों ने सवाल उठाया कि यदि परीक्षा की सुरक्षा और पेपर लीक रोकने में भी इतनी ही सख्ती बरती जाती, तो छात्रों को दोबारा परीक्षा देने की नौबत नहीं आती।
