भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड द्वारा संचालित सिटी बस सेवा एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। राजधानी भोपाल में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की हालत लगातार बिगड़ती दिखाई दे रही है। ताज़ा मामला उस समय सामने आया जब यात्रियों से भरी एक सिटी बस बीच सड़क चलते-चलते अचानक बंद हो गई। बस चालक द्वारा कई प्रयास करने के बावजूद बस स्टार्ट नहीं हुई, जिसके बाद मजबूरन यात्रियों को खुद उतरकर बस में धक्का लगाना पड़ा और उसे सड़क किनारे साइड करना पड़ा।
घटना के दौरान सड़क पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। बस में मौजूद यात्रियों ने आरोप लगाया कि सिटी बसों का समय पर मेंटेनेंस नहीं होने के कारण आए दिन ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं। लोगों का कहना है कि जिन बसों पर रोजाना हजारों यात्रियों की जिम्मेदारी है, वही बसें अब खुद सड़क पर जवाब देने लगी हैं। इससे यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा दोनों पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
यह पहला मामला नहीं है जब भोपाल की सिटी बसें तकनीकी खराबी का शिकार हुई हों। इससे पहले भी कई बसों से चलते समय धुआं निकलने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कुछ मामलों में यात्रियों में अफरा-तफरी तक मच गई थी। सूत्रों के मुताबिक सिटी लिंक के बेड़े में शामिल कई बसें अब पूरी तरह जर्जर हो चुकी हैं और लंबे समय से गैरेज में खड़ी धूल खा रही हैं। बावजूद इसके नई बसों की व्यवस्था और पुरानी बसों के रखरखाव को लेकर जिम्मेदार विभाग गंभीर नजर नहीं आ रहा।
राजधानी में बड़ी संख्या में छात्र, कर्मचारी, महिलाएं और बुजुर्ग रोजाना सिटी बस सेवा पर निर्भर रहते हैं। ऐसे में बार-बार बसों के खराब होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों ने मांग की है कि प्रशासन जल्द से जल्द सिटी बसों की तकनीकी जांच कराए और खराब बसों को सड़कों से हटाकर सुरक्षित एवं बेहतर परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए, ताकि लोगों को बीच रास्ते इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
