भारत में आस्था, पूजा-पाठ और धार्मिक परंपराओं की गहरी जड़ें हैं। लोग सुबह मंदिरों में घंटियां बजाते हैं, मस्जिदों में इबादत करते हैं, गुरुद्वारों और तीर्थस्थलों पर माथा टेकते हैं। लेकिन एक कड़वी सच्चाई यह भी है कि पूजा और दर्शन के बाद अक्सर वही लोग प्रसाद के डिब्बे, प्लास्टिक, पानी की बोतलें और कचरा वहीं छोड़कर चले जाते हैं। वर्षों से चली आ रही इस आदत को एक विदेशी नागरिक ने अपने छोटे से काम से बड़ा संदेश दे दिया।
हाल ही में एक विदेशी पर्यटक का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो में वह किसी धार्मिक स्थल के आसपास फैला कचरा खुद झाड़ू लगाकर साफ करता दिखाई दे रहा है। उसने न कोई भाषण दिया, न किसी को उपदेश, लेकिन उसकी यह छोटी-सी पहल समाज के लिए बड़ा आईना बन गई। जिस देश में “स्वच्छता ही सेवा” का नारा दिया जाता है, वहीं धार्मिक स्थलों के आसपास फैली गंदगी हमारी सोच और व्यवहार पर सवाल खड़े करती है।
विदेशी नागरिक ने यह साबित कर दिया कि भक्ति सिर्फ पूजा-पाठ, अगरबत्ती और घंटियां बजाने तक सीमित नहीं होनी चाहिए। असली सेवा वह है, जिससे समाज और वातावरण दोनों स्वच्छ रहें। जब कोई व्यक्ति बिना धर्म, भाषा और परंपरा को जाने सिर्फ इंसानियत और जिम्मेदारी के नाते सफाई कर सकता है, तो फिर हम खुद अपने धार्मिक स्थलों को साफ रखने में पीछे क्यों रह जाते हैं?
देश के कई बड़े तीर्थस्थलों पर हर दिन हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। लोग प्रसाद चढ़ाते हैं, पूजा करते हैं, लेकिन जाते समय कचरा वहीं छोड़ देते हैं। कई जगहों पर नदियों में प्लास्टिक और पूजा सामग्री फेंक दी जाती है, जिससे जल प्रदूषण बढ़ता है और पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंचता है। आस्था के नाम पर फैलाई जा रही यह गंदगी धीरे-धीरे धार्मिक स्थलों की पवित्रता को भी प्रभावित कर रही है।
विशेषज्ञों का मानना है कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि सामाजिक संस्कार होना चाहिए। यदि हर श्रद्धालु यह तय कर ले कि वह पूजा के बाद अपना कचरा सही स्थान पर डालेगा और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेगा, तो धार्मिक स्थलों की तस्वीर पूरी तरह बदल सकती है। मंदिरों, मस्जिदों, गुरुद्वारों और धामों में सफाई को भी उतनी ही अहमियत दी जानी चाहिए जितनी पूजा और अनुष्ठानों को दी जाती है।
यह घटना केवल एक विदेशी नागरिक की पहल नहीं, बल्कि समाज के लिए एक संदेश है कि धर्म केवल तिलक, चंदन और पूजा तक सीमित नहीं है। सच्ची आस्था जिम्मेदारी, अनुशासन और स्वच्छता में भी दिखाई देती है। यदि हम वास्तव में ईश्वर का सम्मान करना चाहते हैं, तो सबसे पहले उनके स्थान को साफ और पवित्र रखना सीखना होगा।
आज जरूरत इस बात की है कि लोग धार्मिक आस्था के साथ स्वच्छता को भी अपनी आदत बनाएं। क्योंकि अगर भगवान स्वच्छ और पवित्र स्थानों में बसते हैं, तो हाथ जोड़ने से पहले उस जगह को साफ रखना भी हमारी जिम्मेदारी है।
न्यूज बाय: Sabiha Khan
