News by Azam lala
भोपाल (देहात)। अवैध शराब के खिलाफ जारी मुहिम के तहत थाना गुनगा पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 60 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ एक हिस्ट्रीशीटर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से शराब और मोटरसाइकिल समेत करीब ₹1.06 लाख का मशरूका जब्त किया है।
मुखबिर की इत्तिला पर कटी घाटी-पीपलखेड़ा कलारा मार्ग पर घेराबंदी कर भूपेन्द्र कंजर (30) निवासी तरावली को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसकी मोटरसाइकिल पर बंधी चार केनों से 60 लीटर अवैध हाथ भट्टी निर्मित महुआ शराब बरामद हुई।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ मारपीट, चोरी, डकैती, आर्म्स एक्ट और आबकारी कानून समेत 9 आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। इतना ही नहीं, वह वर्ष 2022 से तीन स्थायी वारंटों में भी फरार चल रहा था।
गुनगा पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई में शामिल टीम की मुस्तैदी और पेशेवर कार्यशैली की सराहना की है।
“शराब की तस्करी का सफर सलाखों तक पहुंचा, पुलिस की मुस्तैदी ने एक और अवैध कारोबार पर शिकंजा कस दिया।”
