News by Azam lala ✍️✍️
भोपाल जिले के नजीराबाद थाना क्षेत्र के शेषापुरा जंगल से सामने आई यह वारदात सिर्फ एक हत्या नहीं, बल्कि इंसानियत के चेहरे पर लगा वह काला धब्बा है, जिसे सुनकर रूह कांप उठे। मामूली चांदी के कड़ों की लालच में एक दरिंदे ने ऐसी वहशियाना हरकत को अंजाम दिया कि पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस के मुताबिक 4 जून 2026 से लापता महिला की तलाश जारी थी। परिजनों ने शुरू से ही अपने भांजे-दामाद जसमन गुर्जर पर शक जताया था। इसी शक की बुनियाद पर पुलिस ने आरोपी से सख्ती से पूछताछ की तो एक ऐसी खौफनाक सच्चाई सामने आई जिसने हर किसी को सन्न कर दिया।
तफ्तीश में खुलासा हुआ कि आरोपी जसमन गुर्जर महिला को बहाने से मोटरसाइकिल पर बैठाकर शेषापुरा के जंगल में ले गया। वहां उसने महिला के पैरों में पहने चांदी के कड़ों पर नजर गड़ा दी। हवस-ए-दौलत ने उसे इस कदर अंधा कर दिया कि उसने अपने गमछे का फंदा बनाकर महिला की जान ले ली।
लेकिन दरिंदगी यहीं नहीं रुकी। पुलिस के अनुसार कड़े निकालने के लिए आरोपी ने महिला के दोनों पैर टखनों के नीचे से काट डाले। इसके बाद सबूत मिटाने की नीयत से कपड़े छिपा दिए और शव को जंगल में छोड़कर फरार हो गया। वारदात के बाद भी वह परिजनों को लगातार गुमराह करता रहा और महिला के बारे में झूठी कहानियां गढ़ता रहा।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भोपाल (देहात) पंकज कुमार पाण्डेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. नीरज चौरसिया के मार्गदर्शन और एसडीओपी बैरसिया वैशाली कराहलिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
थाना नजीराबाद और बैरसिया पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, तकनीकी विश्लेषण और लगातार पूछताछ के बाद महज 14 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, मोटरसाइकिल, मृतका के चांदी के कड़े और कपड़े भी बरामद कर लिए हैं।
गिरफ्तार आरोपी जसमन गुर्जर (35 वर्ष) निवासी शेषापुरा, थाना नजीराबाद है। उसके खिलाफ थाना नजीराबाद में अपराध क्रमांक 145/2026 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि आखिर कुछ चंद चांदी के टुकड़ों की खातिर कोई इंसान किस हद तक गिर सकता है। जंगल में मिली उस बेबस महिला की खामोश लाश आज भी मानो यही चीख-चीख कर कह रही है कि लालच जब इंसान पर हावी हो जाता है, तो वह इंसान नहीं बल्कि हैवान बन जाता है। शेषापुरा की यह दर्दनाक दास्तान लंबे समय तक लोगों के जेहन में एक खौफनाक याद बनकर रहेगी।
