मोहर्रम सहित आगामी धार्मिक और सामाजिक त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए बुरहानपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी के निर्देशन में जिले के 120 कोटवारों को रेणुका पुलिस लाइन में विशेष पुलिस अधिकारी यानी SPO के रूप में प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

प्रशिक्षण पूरा होने के बाद इन कोटवारों को विशेष पुलिस अधिकारी के अधिकार प्राप्त होंगे, जिससे वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की मदद कर सकेंगे। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें भीड़ नियंत्रण, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी, सूचना संकलन, आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस सहयोग और जनसंपर्क से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी जा रही है।
साथ ही त्योहारों के दौरान अफवाहों और विवादों की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचाने के लिए भी उन्हें प्रशिक्षित किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि प्रशिक्षित कोटवार ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पुलिस बल के साथ मिलकर शांति और सुरक्षा बनाए रखने में अहम भूमिका निभाएंगे।
बुरहानपुर पुलिस की यह पहल सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
