जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने आगामी खीर भवानी मेले से पहले गुरुवार को गांदरबल जिले के तुलमुला स्थित माता खीर भवानी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और तैयारियों का निरीक्षण किया। 22 जून को आयोजित होने वाले इस वार्षिक मेले में देश-विदेश से करीब 7,000 श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

माता राग्न्या देवी को समर्पित यह मंदिर कश्मीरी पंडित समुदाय की आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और बुनियादी ढांचे की समीक्षा की।

उमर अब्दुल्ला ने अधिकारियों को शेष आवश्यक व्यवस्थाएं जल्द पूरी करने के निर्देश दिए और कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि खीर भवानी मेला और आगामी अमरनाथ यात्रा शांति, सौहार्द और श्रद्धा के वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न होंगे।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कश्मीर की साझा सांस्कृतिक विरासत और आपसी सद्भाव की भावना को भी मजबूत करने की बात कही।
