News by Imtiaz khan
भोपाल के गोविंदपुरा इलाक़े में एक बार फिर “मोबाइल स्नैचरों”ने अपनी मौजूदगी का एहसास करा दिया। रात की तारीकी में बेख़ौफ़ बदमाश एक डॉक्टर के हाथ से क़ीमती मोबाइल झपटकर ऐसे फ़रार हुए, मानो क़ानून का कोई ख़ौफ़ ही बाकी न हो। बताया जा रहा है कि छीना गया मोबाइल तक़रीबन 80 हज़ार रुपये क़ीमत का था।
सूत्रों के मुताबिक़ डॉक्टर साहब रात के वक़्त अपने काम से लौट रहे थे, तभी बाइक सवार झपटमार अचानक पास आए और पलक झपकते ही मोबाइल छीनकर अंधेरे का फ़ायदा उठाते हुए फ़रार हो गए। वारदात इतनी तेज़ी से हुई कि पीड़ित संभल भी नहीं पाए।
इस घटना के बाद पूरे इलाक़े में दहशत और बेचैनी का माहौल है। रहवासी सवाल उठा रहे हैं कि आख़िर राजधानी की सड़कों पर ये “स्नैचर गैंग” फिर किसकी सरपरस्ती में सक्रिय हो रहे हैं। रात होते ही सुनसान रास्तों पर लोगों में ख़ौफ़ बढ़ता जा रहा है।
गोविंदपुरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस को शक है कि वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश पहले से रेकी कर रहे थे और मौका मिलते ही झपट्टा मारकर निकल गए।
शहर में लगातार बढ़ती झपटमारी की वारदातें ये इशारा कर रही हैं कि अपराधी अब राहगीरों के हाथों में दिखने वाले महंगे मोबाइल को आसान निशाना समझ रहे हैं। ऐसे में रात के वक़्त सड़क पर मोबाइल इस्तेमाल करना ख़तरे से खाली नहीं माना जा रहा।
अब देखना ये होगा कि गोविंदपुरा पुलिस इन बेख़ौफ़ स्नैचरों तक कितनी जल्दी पहुँच पाती है, या फिर राजधानी की सड़कों पर “मोबाइल गैंग” यूँ ही दहशत फैलाते रहेंगे।
