भोपाल (देहात) पुलिस द्वारा जनसहयोग के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से निरंतर नवाचार किए जा रहे हैं। इसी क्रम में “दो कैमरे तैनात, सुरक्षा साथ” अभियान के तहत दिनांक 15.06.2026 को थाना ईंटखेड़ी क्षेत्र में विशेष सम्मान एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक भोपाल (देहात) श्री पंकज कुमार पांडेय के मुख्य आतिथ्य एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) ईंटखेड़ी सुश्री मंजू चौहान की उपस्थिति में होटल, फार्म हाउस, रिसोर्ट, ढाबे, पेट्रोल पंप एवं अन्य प्रतिष्ठानों के संचालकों को सम्मानित किया गया।
अभियान के अंतर्गत प्रतिष्ठान संचालकों द्वारा उच्च गुणवत्ता वाले नाइट विजन सीसीटीवी कैमरे स्थापित कर स्वयं की सुरक्षा के साथ-साथ आमजन की सुरक्षा एवं अपराध नियंत्रण में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया गया। कैमरों के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखते हुए सुरक्षित वातावरण निर्माण में योगदान देने वाले जागरूक नागरिकों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा, राहवीर योजना, साइबर अपराधों से बचाव एवं नशा मुक्ति अभियान के संबंध में भी विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस अधीक्षक महोदय ने आमजन से अपील की कि सड़क दुर्घटना में घायलों की तत्काल सहायता करें, साइबर ठगी से सतर्क रहें, यातायात नियमों का पालन करें तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिष्ठान संचालकों एवं नागरिकों ने भोपाल (देहात) पुलिस के इस अभियान की सराहना करते हुए सुरक्षित, जागरूक एवं अपराधमुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने का संकल्प लिया।
भोपाल (देहात) पुलिस जनभागीदारी आधारित पुलिसिंग के माध्यम से सुरक्षित वातावरण निर्माण हेतु निरंतर प्रतिबद्ध है।
