पुलिस अधीक्षक भोपाल (देहात) श्री पंकज कुमार पाण्डेय के निर्देशन में आमजन के गुम हुए मोबाइल फोनों की खोज एवं बरामदगी हेतु चलाए गए विशेष अभियान के अंतर्गत आज मोबाइल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

वर्तमान समय में मोबाइल फोन आमजन के दैनिक जीवन का अत्यंत महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। इसे दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा गुम मोबाइल फोनों की तलाश हेतु एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने CEIR पोर्टल के माध्यम से ट्रेसेबल मोबाइल फोनों की सतत निगरानी की तथा अन्य राज्यों, जिलों एवं भोपाल (देहात) के विभिन्न थाना क्षेत्रों से समन्वय स्थापित कर गुम मोबाइल फोनों को बरामद किया।

साइबर टीम एवं थाना पुलिस के संयुक्त प्रयासों से कुल 53 गुम मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कुल कीमत लगभग ₹15 लाख है, सफलतापूर्वक बरामद किए गए। आज आयोजित कार्यक्रम में इन सभी मोबाइल फोनों को उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किया गया।

मोबाइल वापस प्राप्त कर नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए भोपाल (देहात) पुलिस का आभार प्रकट किया।
पुलिस अधीक्षक श्री पंकज कुमार पाण्डेय ने कहा कि भोपाल (देहात) पुलिस आमजन की सुरक्षा एवं सेवा के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी अभियान जारी रहेंगे।
