इंदौर। चर्चित राजा रघुवंशी हनीमून हत्याकांड में मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को मिली जमानत के खिलाफ अब मृतक राजा रघुवंशी का परिवार सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाने की तैयारी में है। परिवार का कहना है कि वे जमानत रद्द कराने के लिए कानूनी लड़ाई जारी रखेंगे।
राजा रघुवंशी के भाई विपिन रघुवंशी ने कहा कि परिवार को न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है, लेकिन इस मामले में जमानत मिलने से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। उनका कहना है कि वे उच्चतम न्यायालय में याचिका दायर कर जमानत रद्द करने की मांग करेंगे और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने तक संघर्ष जारी रखेंगे।
यह मामला उस समय सुर्खियों में आया था जब इंदौर निवासी राजा रघुवंशी की मेघालय में हनीमून के दौरान हत्या कर दी गई थी। जांच में उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी समेत कई लोगों को आरोपी बनाया गया था। हाल ही में मेघालय हाईकोर्ट ने निचली अदालत द्वारा दी गई जमानत को बरकरार रखा, जिसके बाद पीड़ित परिवार ने सुप्रीम कोर्ट जाने का फैसला किया है।
परिवार का कहना है कि उनका उद्देश्य केवल न्याय सुनिश्चित करना है और वे कानूनी प्रक्रिया के तहत अपनी लड़ाई जारी रखेंगे। अब सभी की नजर इस बात पर है कि सुप्रीम कोर्ट में दाखिल होने वाली याचिका पर क्या निर्णय आता है।
