भोपाल। राजधानी भोपाल में क्राइम ब्रांच ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रैपिडो बाइक टैक्सी की आड़ में स्मैक की तस्करी करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1.95 ग्राम स्मैक और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक जब्त की गई है।
क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि गोविंदपुरा क्षेत्र में रैपिडो सेवा की आड़ में मादक पदार्थ की सप्लाई की जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने कस्तूरबा अस्पताल के सामने हनुमान मंदिर के पास घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से स्मैक बरामद हुई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी नशीला पदार्थ कहां से लाते थे और किन लोगों तक इसकी सप्लाई करते थे। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।
