कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक भावुक कर देने वाला वीडियो सामने आया है। यहां कुछ छात्राएं परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से कुछ मिनट देर से पहुंचीं, जिसके चलते उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया गया।
एंट्री नहीं मिलने के बाद छात्राएं सेंटर के बाहर ही फूट-फूटकर रोने लगीं। वायरल वीडियो में छात्राओं को मायूस और परेशान हालत में देखा जा सकता है। छात्राओं का कहना है कि उन्होंने पूरे साल परीक्षा की तैयारी की थी, लेकिन कुछ मिनट की देरी के कारण वे परीक्षा नहीं दे सकीं।
सबसे दुखद बात यह रही कि ये वही छात्राएं थीं, जिनकी पहले आयोजित परीक्षा रद्द हो गई थी। ऐसे में अब री-एग्जाम में भी शामिल नहीं हो पाने से उनका पूरा साल प्रभावित होने की आशंका है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसे लेकर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
