उत्तर प्रदेश के बागपत में दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे पर अस्थाई बैरियर से कार टकरा जाने से दो दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई है. दोनों बीटैक की डिग्री मिलने के अगले ही दिन गंगा स्नान करने के लिए हरिद्वार जा रहे थे. हालांकि बैरियर से दो कारें टकराई, दूसरी कार क्षतिग्रस्त तो हुई, लेकिन उसमें कोई घायल नहीं हुआ है.
हादसे के बाद दोनों के परिवार के लोग बागपत पहुंचे और हादसे की जानकारी ली. दोनों मृतक अपने परिवारों में इकलौते बेटे थे. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
हरिद्वार जा रहे थे दोनों
दिल्ली के नांगलोई निवासी 24 वर्षीय कपिल पारासर और उसके दोस्त 25 वर्षीय प्रयागराज कौशिक ने बीटेक उत्तीर्ण की थी. प्रयागराज कौशिक के पिता राजेंद्र कौशिक नीति आयोग में अंडर सेक्रेटरी है. कालेज से डिग्री मिलने के दोनों दोस्त रात कार के समय गूगल मैप के सहारे दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे होते हुए हरिद्वार जा रहे थे.
बागपत में मवीकलां के पास पहुंचने पर उनकी कार अस्थाई बैरियर से टकरा गई. दोनों दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए. चिंताजनक हालत में दोनों को अस्पताल में ले जाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
परिवार का बुरा हाल
पुलिस ने दोनों मृतकों के घरों पर हादसे की सूचना दी, जिसके बाद परिवार के लोग जिला अस्पताल पहुंचे और शवों को देखकर बिलख गए. दोनों अपने परिवारों में इकलौते बेटे थे. हालांकि एक और कार बैरियर से टकराई, लेकिन उसमें कोई घायल नहीं हुआ है. हालांकि पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है, जबकि परिजनों ने भी अभी तक कोई शिकायत किसी के खिलाफ नहीं की है. जिस पर पुलिस इस घटना को दुर्घटना ही मानकर जांच आगे बढ़ा रही है.
उधर कॉलेज में दोनों के मृत्यु की खबर से उनके साथियों में भी गम छा गया है, किसी को यकीन नहीं हो रहा कि इस तरह से दोनों की अचानक मौत हो जाएगी.