Skip to content

योगी सरकार की फ्री कोचिंग स्कीम का जलवा, अभ्युदय योजना के 6 अभ्यर्थियों का UPSC परीक्षा में चयन

उत्तर प्रदेश सरकार ने शुक्रवार को दावा किया कि मेधावी युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर संसाधन और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के वास्ते संचालित की जा रही मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना से जुड़े छह अभ्यर्थियों का चयन यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा-2025 में हुआ है.

एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश के मेधावी युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर संसाधन और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के वास्ते संचालित की जा रही ”मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना” एक बार फिर अपने प्रभावशाली परिणामों के साथ सामने आई है.

‘मॉक इंटरव्यू’ कार्यक्रम से जुड़े छह अभ्यर्थियों का चयन

बयान में कहा गया है कि समाज कल्याण विभाग द्वारा गोमती नगर स्थित भागीदारी भवन में संचालित आवासीय कोचिंग और ‘मॉक इंटरव्यू’ कार्यक्रम से जुड़े छह अभ्यर्थियों का चयन यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा-2025 में हुआ है.

युवाओं को प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में मिला मजबूत आधार

बयान में कहा गया है कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्‍व वाली राज्य सरकार की इस पहल के माध्यम से प्रदेश के प्रतिभाशाली युवाओं को प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में सफलता के लिए मजबूत आधार मिल रहा है. बयान में कहा गया है कि इससे न केवल युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ रहा है, बल्कि प्रशासनिक सेवाओं में उत्तर प्रदेश की भागीदारी भी लगातार मजबूत हो रही है.

मंत्री असीम अरुण ने चयनित अभ्यर्थियों को दी बधाई

इन सभी चयनित अभ्यर्थियों को समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का लक्ष्य है कि आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली युवाओं को भी सिविल सेवा जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं की तैयारी के लिए गुणवत्तापूर्ण कोचिंग और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए.

किन छात्रों को मिली कितनी रैंक?

समाज कल्याण विभाग के उपनिदेशक आनंद कुमार सिंह के अनुसार, भागीदारी भवन में संचालित आवासीय कोचिंग से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे विमल कुमार को 107वीं और विपिन देव यादव को 316वीं रैंक प्राप्त हुई है. उन्होंने बताया कि वहीं, भागीदारी भवन आवासीय कोचिंग एवं अभ्युदय योजना के अंतर्गत आयोजित ‘मॉक इंटरव्यू’ में शामिल मानसी को 444वीं, महेश जायसवाल को 590वीं, अदिति सिंह को 859वीं और तनीषा सिंह को 930वीं रैंक हासिल हुई है.

आर्थिक कमजोर छात्रों के लिए संचालित हो रही कोचिंग

बयान में कहा गया है कि समाज कल्याण विभाग द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों के लिए भागीदारी भवन में आवासीय कोचिंग का संचालन किया जा रहा है. बयान में कहा गया है कि यहां सिविल सेवा मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार की तैयारी के लिए विशेष सत्र आयोजित किए जाते हैं, जिनमें विषय विशेषज्ञों के साथ-साथ वरिष्ठ आईएएस और पीसीएस अधिकारी अभ्यर्थियों को मार्गदर्शन प्रदान करते हैं.

बयान में कहा गया है कि इन अभ्यर्थियों को आवासीय कोचिंग के दौरान निशुल्क आवास, भोजन, पुस्तकालय, अध्ययन सामग्री और ऑनलाइन-ऑफलाइन कक्षाओं की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *