Skip to content

Delhi News: उत्तम नगर में होली पर युवक की हत्या के बाद बवाल, लोगों ने वाहनों को लगाई आग, सड़कों पर प्रदर्शन

दिल्ली में होली खेलने को लेकर हुई झड़प में 26 वर्षीय युवक की मौत के बाद, शुक्रवार को दिल्ली के उत्तम नगर में तनाव व्याप्त रहा और इस दौरान एक कार और एक मोटरसाइकिल को आग लगा दी गई तथा हिंदू राजनीतिक संगठनों के विरोध प्रदर्शनों के कारण यहां कई घंटों तक यातायात बाधित रहा.

पुलिस सूत्रों के अनुसार, बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के सदस्यों ने उत्तम नगर पूर्व मेट्रो स्टेशन के पास विरोध प्रदर्शन किया, जिससे मुख्य सड़क अवरुद्ध हो गई और घंटों यातायात ठप रहा. प्रदर्शनकारी हत्या में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. इस दौरान वो सड़क पर ही बैठ गए और जमकर नारेबाजी की. 

भीड़ पर काबू पाने के लिए बल प्रयोग

पुलिस कर्मियों को प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने और क्षेत्र में यातायात की आवाजाही बहाल करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. पुलिस अधिकारी ने कहा कि हमारी टीमों ने प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाने के लिए प्रयास किया ताकि वाहनों की आवाजाही बहाल हो सके. कई एंबुलेंस भी यातायात जाम में फंसी हुई थीं. 

पुलिस सूत्रों ने बताया कि बार-बार की अपील के बाद भी जब प्रदर्शनकारी सड़क खाली करने को तैयार नहीं हुए, तो उन्हें तितर-बितर करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया गया. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है. मौके पर कई थानों की पुलिस तैनात है. 

युवक की मौत के बाद इलाके में तनाव

इस घटना को लेकर इलाके में व्याप्त तनाव के बीच, शुक्रवार दोपहर उत्तम नगर के जेजे कॉलोनी इलाके में खड़ी एक कार और एक मोटरसाइकिल को आग लगा दी गई. दिल्ली अग्निशमन सेवा अधिकारी ने कहा दमकल समय रहते आग पर काबू पा लिया और पुलिस को इसकी जानकारी दी. पुलिस ये पता करने की कोशिश कर रही है कि आग किसने लगाई.

Delhi News: हाय रे गर्मी! मार्च के शुरू होते ही रिकॉर्ड हुआ सीजन का सबसे गर्म दिन, आगे और बढ़ेगा पारा

बुधवार को होली के जश्न के दौरान अलग अलग समुदाय के दो परिवारों के बीच हुई झड़प में तरुण नाम का युवक घायल हो गया था, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. जिसके बाद से पूरे इलाके में तनाव है. स्थिति को बिगड़ने से रोकने के लिए एहतियात के तौर पर इलाके में अतिरिक्त पुलिस और अर्धसैनिक बल के जवान तैनात किए गए हैं. 

होली का रंग गिरने से हुआ था विवाद

पुलिस के मुताबिक, घटना जेजे कॉलोनी में उस समय हुई जब होली मनाने के दौरान दो परिवारों के सदस्यों के बीच विवाद हो गया. प्रारंभिक जांच से पता चला है कि विवाद एक महिला पर गुब्बारे से रंग पड़ने के बाद शुरू हुआ, जिससे तीखी बहस हुई और जल्द ही इसने हिंसक झड़प का रूप ले लिया. 

मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि विवाद तब शुरू हुआ जब घर की छत से होली खेल रही 11 वर्षीय बच्ची ने नीचे अपने रिश्तेदारों पर पानी का गुब्बारा फेंका. गुब्बारा सड़क पर गिरकर फट गया, जिससे दूसरे परिवार की महिला पर रंग पड़ गया. जिसके बाद महिला ने झगड़ा शुरू कर दिया. 

बाद में महिला अपने परिवार और समुदाय के दूसरे लोगों के साथ फिर से उनके घर पहुंची और होली खेल रहे उनके परिवार पर हमला कर दिया. दूसरे परिवार के सदस्यों ने बाद में इकट्ठा होकर तरुण पर तब हमला किया जब वह घर लौट रहा था. 

पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ़्तार

पुलिस ने अब तक इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है और एक नाबालिग को हिरासत में लिया है. पुलिस ने कहा कि वे इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रहे हैं और गवाहों के बयान दर्ज कर रहे हैं. द्वारका के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) कुशल पाल सिंह ने कहा, ‘हमें पता चला कि झगड़ा गुब्बारे फेंकने से शुरू हुआ था. मामले की जाँच की जा रही है.’ पुलिस ने कहा कि जब तक स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो जाती, इलाके में अतिरिक्त कर्मी तैनात रहेंगे. 

Delhi News: स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर दवा बाजारों पर छापेमारी, 20 लाख से ज्यादा की इंसुलिन जब्त

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *