भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल की जुड़वा बहनें सान्वी नाहर और समन्वी नाहर ने कम उम्र में बड़ी उपलब्धि हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। महज 3 साल 9 महीने की उम्र में दोनों बहनों ने ‘यंगेस्ट फीमेल ड्रमर’ का खिताब अपने नाम करते हुए वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन में स्थान बनाया है।
जानकारी के अनुसार, दोनों बहनों ने 21 मार्च 2026 को एक निर्धारित ट्रैक पर 1 मिनट 20 सेकंड तक लगातार ड्रम बजाकर यह रिकॉर्ड बनाया। रिकॉर्ड सत्यापित होने के बाद उन्हें प्रमाण-पत्र, मेडल और ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। उनकी इस उपलब्धि को ब्रिटेन की संसद के हाउस ऑफ कॉमंस में भी सम्मान मिला।
सान्वी और समन्वी एक चिकित्सक परिवार से हैं। उनके माता-पिता ने बचपन से ही उनकी संगीत में रुचि को पहचानकर उन्हें प्रशिक्षण दिलाया। इतनी कम उम्र में ड्रम बजाने की उनकी क्षमता ने सभी को हैरान कर दिया और अब वे देशभर के बच्चों के लिए प्रेरणा बन गई हैं।
दोनों बहनों की इस उपलब्धि पर मध्य प्रदेश में खुशी का माहौल है। सोशल मीडिया पर भी लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं और उनकी सफलता को प्रदेश के लिए गौरव का क्षण बता रहे हैं।
