चीन के हुनान प्रांत में हुए भीषण पटाखा फैक्ट्री विस्फोट ने पूरे देश को हिला कर रख दिया है।
लियुयांग शहर, जिसे चीन की ‘पटाखा राजधानी’ कहा जाता है, वहां 4 मई की शाम करीब 4 बजकर 40 मिनट पर हुआ यह धमाका इतना भयानक था कि अब तक 37 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 51 लोग घायल बताए जा रहे हैं। एक व्यक्ति अब भी लापता है।
यह विस्फोट हुआशेंग फायरवर्क्स मैन्युफैक्चरिंग एंड डिस्प्ले कंपनी की एक वर्कशॉप में हुआ। शुरुआती रिपोर्ट में मौतों का आंकड़ा कम बताया गया था, लेकिन जैसे-जैसे मलबा हटाया गया, मृतकों की संख्या बढ़ती चली गई।
धमाके की ताकत इतनी ज्यादा थी कि आसपास के मकानों की खिड़कियां टूट गईं और दीवारों में दरारें आ गईं। फैक्ट्री के पास गनपाउडर के दो बड़े गोदाम होने की वजह से सेकेंडरी ब्लास्ट का खतरा पैदा हो गया था। इसी कारण प्रशासन ने 3 किलोमीटर के दायरे को खाली करवाकर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
रेस्क्यू ऑपरेशन में 1,500 से ज्यादा कर्मियों, ड्रोन और विशेष रोबोटों को लगाया गया। वहीं पुलिस ने लापरवाही के शक में 8 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
इस हादसे के बाद पूरे इलाके की पटाखा फैक्ट्रियों में काम रोक दिया गया है और सुरक्षा जांच के आदेश जारी किए गए हैं। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने भी तुरंत जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर इतनी बड़ी फैक्ट्री में सुरक्षा इंतज़ामों में चूक कैसे हुई… और क्या इस हादसे के बाद चीन अपने पटाखा उद्योग के नियमों को और सख्त करेगा?
न्यूज़ बाय
रज़ा लाला ख़ान
