न्यूज बाय : प्रियंका सिंह
देश की सबसे बड़ी सरकारी भर्ती परीक्षाओं में शामिल SSC GD परीक्षा एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर चिंता खड़ी कर दी है। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो किसी SSC GD एग्जाम सेंटर का है, जहां एक परीक्षार्थी खुलेआम मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए कंप्यूटर स्क्रीन पर दिख रहे प्रश्नों को स्कैन करता नजर आ रहा है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस दौरान सेंटर पर मौजूद एक महिला एजेंट भी उसके साथ दिखाई दे रही है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि परीक्षार्थी बिना किसी डर या रोक-टोक के मोबाइल से पेपर स्कैन कर रहा है, जबकि महिला एजेंट उसे रोकने के बजाय उसकी मदद करती नजर आ रही है। इससे यह आशंका और गहरी हो गई है कि मामला सिर्फ नियमों की अनदेखी का नहीं, बल्कि संगठित परीक्षा धांधली का हो सकता है।
वीडियो वायरल होने के बाद अभ्यर्थियों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। कई छात्रों का कहना है कि लाखों मेहनती उम्मीदवार दिन-रात तैयारी कर परीक्षा देते हैं, लेकिन अगर इस तरह मोबाइल और एजेंट की मदद से पेपर हल करवाए जा रहे हैं तो यह पूरी भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़ा करता है।
अभ्यर्थियों ने SSC और संबंधित परीक्षा एजेंसियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, वीडियो की सत्यता की पुष्टि करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली को और मजबूत करने की भी बात कही जा रही है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
अब सभी की नजर SSC और प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई है कि वायरल वीडियो के पीछे की सच्चाई क्या है और इस मामले में कितनी बड़ी लापरवाही या साजिश सामने आती है।
