बुरहानपुर। स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त नगर के उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए बुरहानपुर जिले की नगर परिषद शाहपुर ने प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। नगर परिषद द्वारा साप्ताहिक बाजार क्षेत्र में निरीक्षण कर प्लास्टिक उपयोग करने वालों के खिलाफ जप्ती और चालानी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान व्यापारियों को नियमों की जानकारी देने के साथ भविष्य में सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
नगर परिषद द्वारा यह कार्रवाई नगर अध्यक्ष श्रीमती साधना वीरेंद्र तिवारी के निर्देश तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री दिलीप चौहान के मार्गदर्शन में की गई। अधिकारियों के अनुसार नगर में प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री के उपयोग को रोकने और लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाने के लिए लगातार निगरानी और निरीक्षण अभियान चलाए जा रहे हैं।
इसी क्रम में साप्ताहिक बाजार क्षेत्र में विशेष निरीक्षण अभियान संचालित किया गया, जहां दुकानदारों और व्यापारियों के यहां जाकर प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक सामग्री के उपयोग और विक्रय की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर निर्धारित मानकों के विपरीत प्लास्टिक पन्नियों का उपयोग पाया गया।

कार्रवाई के दौरान प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक सामग्री को मौके पर ही जप्त किया गया तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले 11 व्यापारियों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 2200 रुपये का जुर्माना वसूला गया। साथ ही संबंधित व्यापारियों को भविष्य में दोबारा सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करते पाए जाने पर नियमानुसार अधिक सख्त कार्रवाई किए जाने की चेतावनी भी दी गई।
नगर परिषद के अधिकारियों और स्वच्छता अमले ने अभियान के दौरान केवल कार्रवाई तक खुद को सीमित नहीं रखा बल्कि व्यापारियों और नागरिकों को जागरूक भी किया। उन्हें बताया गया कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण, जल स्रोतों और मानव स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव डालती है। इसके विकल्प के रूप में कपड़े के थैले, कागज आधारित पैकेजिंग और अन्य पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के दौरान व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की गई कि वे शासन द्वारा लागू प्रतिबंधों का पालन करें और स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण अनुकूल नगर निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
नगर परिषद का मानना है कि इस प्रकार की कार्रवाई से बाजार क्षेत्रों में प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग पर नियंत्रण स्थापित होगा और नागरिकों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।
नगर परिषद शाहपुर ने स्पष्ट किया है कि आने वाले समय में भी इस प्रकार के निरीक्षण, जागरूकता और चालानी अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे ताकि नगर को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त बनाने के लक्ष्य को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाया जा सके।
इस अभियान के दौरान दल प्रभारी श्री रतनसिंह रावत, श्री ईश्वर वरखेड़े, श्री वसंत महाजन, रमाकांत महाजन, नवीन परदेशी, नगर परिषद कर्मचारी एवं एनजीओ सदस्य उपस्थित रहे।
