सोशल मीडिया और AI तकनीक के दुरुपयोग का गंभीर मामला, पुलिस कमिश्नर को शिकायत सौंपी
भोपाल के अधिमान्य वरिष्ठ पत्रकार पंकज सिंह भदौरिया ने अभिषेक जैन नामक व्यक्ति पर सोशल मीडिया के माध्यम से ब्लैकमेलिंग, झूठी और भ्रामक सामग्री फैलाने तथा एआई और डीपफेक तकनीक का दुरुपयोग कर उनकी छवि धूमिल करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
पुलिस कमिश्नर को सौंपे गए शिकायत पत्र में पंकज भदौरिया ने दावा किया है कि अभिषेक जैन अपने कुछ सहयोगियों के साथ मिलकर उनकी लगभग 20 वर्षों की पत्रकारिता की साख और पेशेवर प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहा है। उनका आरोप है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर उनके खिलाफ फर्जी और भ्रामक सामग्री प्रसारित की जा रही है, जिससे उनकी सामाजिक और पेशेवर छवि प्रभावित हो रही है।
आर्थिक सहायता के बाद दबाव बनाने का आरोप
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि पंकज भदौरिया ने मानवीय आधार पर अभिषेक जैन की आर्थिक मदद भी कराई थी, जिसके संबंधित स्क्रीनशॉट उनके पास मौजूद हैं। हालांकि बाद में, आरोप के अनुसार, अभिषेक जैन द्वारा विभिन्न व्यक्तियों, प्रभावशाली लोगों और जनप्रतिनिधियों से पैसे दिलाने का दबाव बनाया जाने लगा।
ब्लैकमेलिंग के आरोप, अन्य लोगों के नाम भी शामिल
पत्रकार का यह भी आरोप है कि अभिषेक जैन सोशल मीडिया का उपयोग कर कई अन्य प्रभावशाली व्यक्तियों और जनप्रतिनिधियों को भी ब्लैकमेल करने का प्रयास करता रहा है। इस पूरे मामले को एक संगठित साइबर गतिविधि के रूप में भी देखा जा रहा है।
साइबर फॉरेंसिक जांच की मांग
पंकज भदौरिया ने मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर फॉरेंसिक जांच, आरोपियों के डिजिटल उपकरणों की जांच और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर फैल रही इस तरह की गतिविधियां पत्रकारिता और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता दोनों के लिए खतरा हैं।
पुलिस का आश्वासन
वहीं, पुलिस कमिश्नर ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की प्रारंभिक जांच शुरू किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

