News by Azam Lala
पुलिस अधीक्षक श्री पंकज कुमार पाण्डेय के निर्देशन में सुश्री मंजू चौहान के नेतृत्व में थाना ईंटखेड़ी परिसर में आगामी मुस्लिम त्यौहार ताज़िया, संभावित बाढ़ आपदा एवं साइबर सुरक्षा के संबंध में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में हिंदू एवं मुस्लिम समाज के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं समाज के सदस्यों ने सहभागिता की। बैठक के दौरान आगामी ताज़िया पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने हेतु आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
साथ ही वर्षा ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए संभावित बाढ़ की स्थिति में सतर्कता, आपदा प्रबंधन एवं त्वरित सूचना आदान-प्रदान पर विशेष जोर दिया गया। उपस्थित नागरिकों को जलभराव एवं आपदा की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर जाने तथा प्रशासन को तत्काल सूचना देने हेतु जागरूक किया गया।
इसके अतिरिक्त साइबर सुरक्षा के संबंध में ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, ओटीपी शेयरिंग एवं डिजिटल फ्रॉड से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। आमजन से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा साइबर धोखाधड़ी की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
बैठक का उद्देश्य सामाजिक समन्वय, आपसी सद्भाव एवं जनसुरक्षा को सुदृढ़ करना रहा।
