News by Azam Lala
भोपाल। सोना दिलाने का झांसा देकर एक लाख रुपये की ठगी करने वाले दो शातिर मुल्जिमों को थाना सूखी सेवनिया पुलिस ने महज़ 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकद रकम और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
मामले के मुताबिक सागर जिले के ग्राम खेड़ी नवादा निवासी 20 वर्षीय राजा चढ़ार को शाहरूख नामक युवक ने सोना दिलाने का भरोसा देकर भोपाल बुलाया था। फरियादी अपने नाना के साथ 17 जून की रात सागर से रवाना होकर तड़के नादरा बस स्टैंड पहुंचे, जहां शाहरूख उनसे मिला और अपनी बाइक से करोंद चौराहे ले गया।
यहां पहले से मौजूद असलम, मिस्टर और अन्य साथियों ने सोना उपलब्ध कराने की बात कहकर उन्हें इंदौर-भोपाल बायपास स्थित मीना पोल्ट्री फार्म के नज़दीक सुनसान इलाके में पहुंचाया। वहां आरोपियों ने सौदे के नाम पर एक लाख रुपये नकद ले लिए और रकम हासिल होते ही मौके से फरार हो गए।
पीड़ित की शिकायत पर थाना सूखी सेवनिया में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू की गई। विवेचना के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम इमलिया में दो संदिग्ध युवक रुपयों का लेन-देन कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर दोनों युवक भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान मिस्टर खां और शाहरूख खां, निवासी रसूलिया पठार, भोपाल के रूप में बताई। तलाशी के दौरान दोनों के पास से कुल 45 हजार रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त होंडा साइन मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस का कहना है कि फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।
इस कार्रवाई को अंजाम देने में थाना प्रभारी निरीक्षक रामबाबू चौधरी, उपनिरीक्षक सी.एल. यादव, सहायक उपनिरीक्षक राजेश दण्डोतिया सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही। भोपाल देहात पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से पीड़ित पक्ष को राहत मिली है तथा अपराधियों में पुलिस का खौफ एक बार फिर दिखाई दिया है।
