NEET UG 2026 री-एग्जाम को निष्पक्ष और सुरक्षित बनाने के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने एक विशेष शिकायत पोर्टल लॉन्च किया है। 21 जून को होने वाली पुनर्परीक्षा से पहले यदि किसी अभ्यर्थी को पेपर लीक, फर्जी दावों या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलती है, तो वह इसकी शिकायत सीधे NTA तक पहुंचा सकता है।
NTA ने उम्मीदवारों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर भरोसा न करें। एजेंसी के अनुसार, प्रश्नपत्र की सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं और परीक्षा से पहले किसी को भी पेपर तक पहुंच नहीं है।
उम्मीदवार innovateindia.mygov.in/neet-ug-2026 पोर्टल पर जाकर पेपर लीक या अन्य संदिग्ध गतिविधियों से जुड़ी जानकारी साझा कर सकते हैं। NTA ने कहा है कि पोर्टल पर प्राप्त हर शिकायत की जांच संबंधित अधिकारियों द्वारा की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि NEET UG 2026 री-एग्जाम को लेकर सोशल मीडिया पर कई भ्रामक पोस्ट वायरल हो रही हैं। NTA ने इन दावों को खारिज करते हुए छात्रों से केवल आधिकारिक स्रोतों पर भरोसा करने की सलाह दी है।
