जाहिद खान की रिपोर्ट
राजधानी भोपाल में अपराधों की रोकथाम और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से क्राइम ब्रांच ने चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस अब इस बात की जांच में जुटी है कि आरोपी किसी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में तो नहीं थे।
जानकारी के अनुसार, चेकिंग अभियान के दौरान क्राइम ब्रांच टीम ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी जुबेर खान (24 वर्ष) को पकड़ा। वह जहागीराबाद क्षेत्र से जुड़ा बताया गया है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक धारदार छुरी बरामद की गई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
इसी कार्रवाई के दौरान दूसरे आरोपी सोहेल खान (25 वर्ष) को भी हिरासत में लिया गया। आरोपी गांधीनगर और ऐशबाग क्षेत्र से संबंधित बताया गया है। पुलिस तलाशी में उसके कब्जे से एक देसी कट्टा बरामद हुआ। बरामद हथियार को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
क्राइम ब्रांच अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उनके आपराधिक रिकॉर्ड, आपसी संपर्क तथा गतिविधियों की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी हथियार लेकर कहां जा रहे थे और क्या किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बनाई गई थी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में अपराध नियंत्रण और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। शुरुआती जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
