उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में हॉस्टल मालिक का बेटा शुभम द्विवेदी दो छात्राओं के कमरे में रात करीब 2 बजे जबरन घुसता दिखाई दे रहा है। आरोप है कि उसने छात्राओं के साथ मारपीट की, थप्पड़ मारे और बाल पकड़कर घसीटा।
पीड़ित छात्राओं का कहना है कि आरोपी पहले से उन्हें लगातार फोन कर परेशान कर रहा था। घटना के बाद दोनों छात्राओं ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर एफआईआर दर्ज की गई।
मामला शिवकुटी थाना क्षेत्र के शंकर घाट इलाके में स्थित एक हॉस्टल का बताया जा रहा है, जहां दोनों छात्राएं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए रह रही थीं।
करीब 30 सेकंड का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में आरोपी छात्राओं के साथ मारपीट करता नजर आ रहा है, जबकि एक बुजुर्ग महिला उसे रोकने की कोशिश करती दिखाई देती हैं।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी शुभम द्विवेदी को गिरफ्तार कर लिया था, हालांकि बाद में उसे जमानत मिल गई।
