जाहिद खान की रिपोर्ट
भोपाल। राजधानी भोपाल में बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस कमिश्नर संजय कुमार के निर्देशन में शहरभर में विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत प्रमुख चौराहों, संवेदनशील क्षेत्रों और शहर के प्रवेश-निकास मार्गों पर पुलिस टीमें लगातार वाहनों की जांच कर रही हैं।
अभियान के दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर उनके दस्तावेजों, लाइसेंस, बीमा और रजिस्ट्रेशन की गहन जांच की जा रही है। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की तलाशी लेकर अपराधियों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
पुलिस द्वारा वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की हिदायत भी दी जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर मौके पर ही चालानी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर में अपराधों की रोकथाम, फरार और वांछित आरोपियों की धरपकड़ तथा असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की सघन जांच से अपराधियों में भय का माहौल बनता है और वे आपराधिक गतिविधियों से दूर रहते हैं।
वहीं, आम नागरिकों ने पुलिस की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए इसे सुरक्षा की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया है, हालांकि कुछ स्थानों पर अस्थायी यातायात बाधा की स्थिति भी देखने को मिली।
भोपाल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और शहर के अलग-अलग इलाकों में इसी तरह की सख्त निगरानी और जांच की जाएगी, ताकि राजधानी में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सके और आमजन सुरक्षित महसूस कर सकें।
