दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण से निपटने के लिए अब तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का सहारा लिया जा रहा है। दिल्ली सरकार ने आईआईटी कानपुर के अंतर्गत कार्यरत ऐरावत रिसर्च फाउंडेशन के साथ मिलकर AI-बेस्ड “Air Pollution Management System” लागू करने की तैयारी शुरू कर दी है। सरकार का दावा है कि यह अत्याधुनिक सिस्टम राजधानी में प्रदूषण के वास्तविक स्रोतों की पहचान करेगा, यह बताएगा कि किस इलाके में कब प्रदूषण बढ़ सकता है और किन स्थानों पर तुरंत कार्रवाई की जरूरत है। पूरी व्यवस्था डेटा और रियल-टाइम मॉनिटरिंग पर आधारित होगी।
इस परियोजना के तहत दिल्ली में एयर क्वालिटी सेंसर नेटवर्क को तेजी से बढ़ाया जाएगा। वर्तमान में जहां करीब 40 सेंसर काम कर रहे हैं, वहीं मार्च 2026 तक इनकी संख्या बढ़ाकर 250 से अधिक करने की योजना है। ये सेंसर राजधानी के अलग-अलग वार्डों और इलाकों में हवा की गुणवत्ता पर लगातार नजर रखेंगे। सिस्टम प्रदूषण के स्तर, मौसम की स्थिति, ट्रैफिक, धूल, औद्योगिक गतिविधियों और अन्य कारकों का विश्लेषण कर यह अनुमान लगाने में सक्षम होगा कि अगले कुछ दिनों में किन क्षेत्रों में प्रदूषण बढ़ने की आशंका है।
इस AI आधारित मॉडल की सबसे बड़ी खासियत यह बताई जा रही है कि अब केवल सामान्य प्रतिबंधों या “कंबल बैन” जैसी नीतियों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इसके बजाय डेटा के आधार पर सीधे उस स्रोत पर कार्रवाई की जाएगी, जहां से प्रदूषण सबसे ज्यादा फैल रहा होगा। उदाहरण के तौर पर यदि किसी क्षेत्र में निर्माण कार्य, कचरा जलाने, औद्योगिक धुएं या ट्रैफिक के कारण प्रदूषण बढ़ रहा है, तो संबंधित एजेंसियों को तुरंत अलर्ट भेजा जाएगा। इसके लिए एक साझा डिजिटल डैशबोर्ड तैयार किया जाएगा, जिससे सभी विभाग और एजेंसियां आपस में जुड़ी रहेंगी और समन्वित तरीके से कार्रवाई कर सकेंगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यह सिस्टम प्रभावी ढंग से लागू हुआ तो दिल्ली की वायु गुणवत्ता सुधारने में बड़ी मदद मिल सकती है। सरकार का दावा है कि अगले डेढ़ से दो वर्षों में राजधानी की हवा को पहले से काफी बेहतर बनाने का लक्ष्य रखा गया है। लगातार जहरीली हवा और स्मॉग की समस्या से जूझ रही दिल्ली के लिए यह पहल एक बड़े बदलाव के रूप में देखी जा रही है। सरकार का संदेश साफ है — “साफ हवा, स्वच्छ दिल्ली”, और अब इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए तकनीक और AI को सबसे बड़ा हथियार बनाया जा रहा है।
न्यूज़ बाय : साबिहा खान
