वाराणसी: धर्मनगरी वाराणसी से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां एक होमगार्ड ने शराब के नशे में जमकर हंगामा किया। बताया जा रहा है कि उत्पात मचाने वाले होमगार्ड सुनील पटेल है, जो नशे में धुत होकर पहले अर्दली बाजार चौकी पहुंचा और वहां हंगामा किया।
सूत्रों के मुताबिक चौकी पर बवाल करने के बाद होमगार्ड पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल पहुंच गया, जहां उसने फिर जमकर उत्पात मचाया। अस्पताल परिसर में उसके द्वारा मारपीट किए जाने का भी आरोप है, जिससे वहां मौजूद मरीजों, तीमारदारों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।
मामले की सूचना मिलते ही अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और हालात को संभालने की कोशिश की, लेकिन आरोपी होमगार्ड शांत होने के बजाय लगातार हंगामा करता रहा। उसे काबू में करने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पुलिसकर्मी उसे पकड़कर खींचते हुए अस्पताल परिसर के अंदर ले जा रहे हैं, ताकि स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।
पूरा मामला कैंट थाना क्षेत्र के पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल का बताया जा रहा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फिलहाल पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार है।
NEWS BY : AAZAM LALA
