News by Azam Lala
भोपाल। साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे को देखते हुए भोपाल (ग्रामीण) पुलिस द्वारा संचालित “सेफ क्लिक 2.0 – सुरक्षित क्लिक, सुरक्षित जीवन” अभियान के छठवें दिन जिले के विभिन्न कॉलेजों, अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशन में “रुको, सोचो, एक्शन लो” थीम पर लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
थाना बिलखिरिया क्षेत्र स्थित एलएनसीटी कॉलेज में पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) पंकज कुमार पाण्डेय ने लगभग 450 छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, फिशिंग लिंक, सोशल मीडिया हैकिंग और ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी जैसे साइबर अपराधों से बचने के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी लोगों को लालच, भय और मानसिक दबाव में लेकर ठगी करते हैं, इसलिए डिजिटल दुनिया में सतर्क रहना ही सबसे बड़ी सुरक्षा है। उन्होंने किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन या एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की।
इस अवसर पर कॉलेज डायरेक्टर अशोक राय, एसडीओपी अंतिमा समाधिया एवं थाना प्रभारी उमेश चौहान भी मौजूद रहे।
अभियान के तहत थाना सूखीसेवनिया, ईटखेड़ी, परवलिया सड़क, बैरसिया, नजीराबाद और गुनगा क्षेत्रों में भी स्वास्थ्य केंद्रों, अस्पतालों, ग्रामीण बाजारों एवं साइबर जागरूकता रथ के माध्यम से लोगों को संदिग्ध लिंक, फर्जी कॉल, ओटीपी साझा न करने और ऑनलाइन ठगी से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए गए।
भोपाल ग्रामीण पुलिस ने बताया कि छठवें दिन आयोजित 12 जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से 1,420 से अधिक छात्र-छात्राओं, स्वास्थ्यकर्मियों, महिलाओं और ग्रामीण नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
