भोपाल (ग्रामीण) पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण एवं आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष जनजागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक भोपाल (ग्रामीण) श्री पंकज कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रमोद कुमार सोनकर के मार्गदर्शन में जिले के प्रमुख थाना क्षेत्रों—बैरसिया, ईटखेड़ी, सूखी सेवनिया, बिलखिरिया एवं परवलिया सड़क के मुख्य मार्गों पर विशेष जागरूकता बैनर लगाए गए हैं।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य वाहन चालकों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करना तथा सड़क दुर्घटना के दौरान सहायता प्रदान करने वाली शासकीय योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुँचाना है।

बैनरों के माध्यम से आमजन को शराब पीकर वाहन न चलाने, दुपहिया वाहन चालकों हेतु हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चालकों हेतु सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग का संदेश दिया जा रहा है। साथ ही सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की तत्काल सहायता हेतु संचालित राहवीर योजना एवं उपचार सहायता के लिए उपलब्ध पीएम राहत योजना की जानकारी भी दी जा रही है।
भोपाल ग्रामीण पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे अपनी एवं अपने परिवार की सुरक्षा हेतु यातायात नियमों का पूर्ण पालन करें, जिम्मेदारीपूर्वक वाहन चलाएँ तथा दुर्घटना की स्थिति में पीड़ितों की सहायता के लिए आगे आए।
