केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पटना में आयोजित स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया। इस दौरान उनके साथ बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा और अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। अभियान के तहत सार्वजनिक स्थानों पर सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी का विषय है। उन्होंने लोगों से अपने घर, मोहल्ले और आसपास के क्षेत्रों को साफ रखने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान नेताओं और स्थानीय लोगों ने सफाई अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई। साथ ही स्वच्छ और स्वस्थ भारत के निर्माण का संकल्प भी दोहराया गया।
बता दें कि देशभर में विभिन्न स्तरों पर स्वच्छता को लेकर जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में पटना में भी यह विशेष अभियान आयोजित किया गया जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया।
