News by Azam Lala
भोपाल, 17 जून 2026। मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड ने पर्यावरण संरक्षण और बुजुर्गों के सम्मान को समर्पित प्रदेशव्यापी “एक पौधा अपने बुजुर्गों के नाम” अभियान की शुरुआत कर दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में हाल ही में रविन्द्र भवन में आयोजित छात्रवृत्ति वितरण समारोह के दौरान की गई घोषणा के अनुसार यह अभियान 17 जून से पूरे प्रदेश में शुरू किया गया है।

अभियान का शुभारंभ वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सनवर पटेल के मुख्य आतिथ्य में भोपाल से किया गया। इस पहल के तहत प्रदेश की वक्फ संपत्तियों, मस्जिदों, कब्रिस्तानों, मदरसों और अन्य संस्थानों में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किया जाएगा। वक्फ बोर्ड ने अभियान के अंतर्गत 5 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

डॉ. सनवर पटेल ने सभी वक्फ प्रबंध समितियों, मुतवल्लियों और समाज के लोगों से अपने बुजुर्गों की स्मृति में कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की है। उनका कहना है कि यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज में बुजुर्गों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना को भी मजबूत करेगा।

अभियान के तहत 17 और 18 जून को भोपाल के विभिन्न मस्जिदों, कब्रिस्तानों और धार्मिक परिसरों में विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वक्फ बोर्ड का लक्ष्य इस जनअभियान को प्रदेश के हर जिले तक पहुंचाकर अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ना है।
