मीनाक्षी नटराजन की याचिका खारिज, जीतू पटवारी बोले— ‘लोकतंत्र की हत्या’; जयवर्धन सिंह का ऐलान— ‘न्याय मिलने तक लड़ाई जारी रहेगी’
भोपाल/दिल्ली। मध्य प्रदेश के राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी घमासान और तेज हो गया है। सुप्रीम कोर्ट ने कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन की याचिका खारिज कर दी है। अदालत से राहत नहीं मिलने के बाद कांग्रेस ने बीजेपी और चुनाव आयोग के खिलाफ मोर्चा और आक्रामक कर दिया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि “लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। पहले वोट चोरी की बात होती थी, अब पूरी राज्यसभा सीट ही छीन ली गई। कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन साजिश के तहत रद्द किया गया ताकि बीजेपी को बिना मुकाबले जीत मिल सके।
विरोध प्रदर्शन के दौरान जीतू पटवारी समेत कई कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने हिरासत में भी लिया। इधर, कांग्रेस के विधायक राष्ट्रपति से मुलाकात की मांग को लेकर दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं, लेकिन अभी तक मिलने का समय नहीं मिला है। इसे लेकर नेता प्रतिपक्ष ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “देश की राष्ट्रपति के पास विपक्ष से मिलने का समय तक नहीं है।
धरने के दौरान कांग्रेस नेता जयवर्धन सिंह ने कहा,जब तक बहन मीनाक्षी नटराजन को न्याय नहीं मिलता, कांग्रेस अपनी लड़ाई बंद नहीं करेगी।
