जा़हिद खान की रिपोर्ट
भोपाल के गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित शुभम एंटरप्राइजेज फर्नीचर फैक्ट्री में देर रात अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। फैक्ट्री में प्लाईवुड, दरवाजे, ब्लैकबोर्ड और अन्य लकड़ी से बने फर्नीचर का निर्माण किया जाता था। आग ने देखते ही देखते फैक्ट्री के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे अंदर रखा लाखों रुपये का तैयार और कच्चा सामान जलकर खाक हो गया।
सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि समय रहते आग को नियंत्रित कर लिया गया, जिससे आसपास की अन्य फैक्ट्रियों और इमारतों तक आग फैलने से रोक लिया गया। यदि आग और फैलती तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है। घटना अशोका गार्डन थाना क्षेत्र की है और आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।
