ज़ाहिद खान की रिपोर्ट
राजधानी भोपाल में अपराधों की रोकथाम और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तलैया थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक विधि विरोधी बालक को अवैध हथियारों के साथ पुलिस अभिरक्षा में लिया है। पुलिस आयुक्त भोपाल श्री संजय कुमार सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री शैलेन्द्र सिंह चौहान के निर्देश पर अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सेन्ट्रल लाइब्रेरी ग्राउंड गेट के पास एक लड़का धारदार अवैध हथियार बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर विधि विरोधी बालक को पकड़ लिया।तलाशी के दौरान उसके पास रखी दो प्लास्टिक की बोरियों से 15 तलवारें और 08 छुरे बरामद किए गए। बरामद तलवारों में 11 बड़ी और 04 छोटी तलवार शामिल हैं।
सभी हथियार प्रतिबंधित आकार के पाए गए, जिन्हें पुलिस ने जप्त कर लिया। पुलिस ने विधि विरोधी बालक के खिलाफ धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।
