उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में राजनीतिक और सामाजिक माहौल गरमा गया है. जिला पंचायत अध्यक्ष जे.पी. अनुरागी के विवादित बयानों ने एक बड़े विवाद को जन्म दे दिया है. उनके बयान से ब्राह्मण समाज में काफी नाराजगी है. ब्राह्मण स्वयंसेवक संघ ने पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अध्यक्ष पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है. आरोप है कि जेपी अनुरागी ने कथावाचकों, धार्मिक ग्रंथों और महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी कर जिले का माहौल बिगाड़ने की कोशिश की है.
ब्राह्मण स्वयंसेवक संघ के बैनर तले एकजुट हुए समाज के लोगों ने पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर अध्यक्ष के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. पूरा मामला दो अलग-अलग घटनाओं से जुड़ा है. जिला संयोजक आदर्श तिवारी का आरोप है कि 14 अप्रैल को एक सभा के दौरान जे.पी. अनुरागी ने रामायण, गीता और कथावाचकों पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी. हालांकि, बाद में उन्होंने ऑनलाइन आकर माफी भी मांगी, लेकिन विवाद तब और बढ़ गया जब 19 अप्रैल को भगवान परशुराम जन्मोत्सव के पावन अवसर पर वो फेसबुक लाइव आए.
महोबा में सरकारी अफसरों का गजब कारनामा, 18 महीने पहले मर चुकी महिला के नाम से भेजा नोटिस
अध्यक्ष पर क्या आरोप हैं?
आरोप है कि फेसबुक लाइव के दौरान उन्होंने इटावा की एक पुरानी घटना का जिक्र करते हुए विप्र समाज की महिलाओं और नारी शक्ति का अपमान किया था. जिला संयोजक आदर्श तिवारी ने बताया कि प्रदर्शनकारियों का कहना है कि एक गरिमामय पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा इस तरह की भाषा का प्रयोग न केवल निंदनीय है, बल्कि यह समाज को बांटने और शांति भंग करने की कोशिश है. ब्राह्मण स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी व्यक्ति विशेष की आलोचना करना अलग बात है, लेकिन पूरे समाज, धार्मिक ग्रंथों और महिलाओं को टारगेट करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
मामले को लेकर प्रदीप पांडे और अनुज तिवारी ने कड़े शब्दों में प्रशासन से मांग की है कि जे.पी. अनुरागी को उनके पद से मुक्त किया जाए और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए. उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो समाज का आक्रोश सड़कों पर नजर आएगा. बहरहाल, वर्तमान में जिले का माहौल को देखते हुए पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है. अब देखना यह होगा कि शासन इस संवेदनशील मामले में क्या रुख अपनाता है.
महोबा में धूमधाम से मनाई गई अंबेडकर जयंती, ‘जय भीम’ के नारों के साथ निकाली बाइक रैली