Skip to content

Haryana News: पुलिसकर्मी ने रोका दुष्यंत चौटाला का काफिला, पूर्व डिप्टी सीएम बोले- ‘मुझ पर पिस्टल तानी…’

हरियाणा के हिसार से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के काफिले को एक पुलिस कर्मी द्वारा रोके जाने का मामला सामने आया है. यह घटना हिसार शहर की बताई जा रही है, जहां सीआईए इंस्पेक्टर ने दुष्यंत चौटाला की गाड़ी के आगे अपनी गाड़ी लगाकर काफिले को रोक दिया. बताया जा रहा है कि इस दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जिसके बाद दुष्यंत चौटाला खुद इंस्पेक्टर को रोकने के लिए उसकी गाड़ी पर चढ़ गए. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर सामने आया है.

इस मामले में दुष्यंत चौटाला ने सीआईए इंस्पेक्टर पवन के खिलाफ थाने में शिकायत करते हुए, एफआईआर दर्ज करने की मांग की है. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके काफिले को जबरन रोका गया और उन पर बंदूक भी तानी गई. इस घटना के बाद पुलिस कार्रवाई को लेकर सवाल उठने लगे हैं.

सादी वर्दी के पुलिसकर्मी ने चौटाला पर तानी बंदूक 

गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी (GJU) में हुए बवाल के बाद आज (17 अप्रैल) गिरफ्तारी देने SP ऑफिस जा रहे पूर्व डिप्टी CM दुष्यंत चौटाला की गाड़ी को सब्जी मंडी पुल पर ही रोक दिया गया. उन्होंने आरोप लगाया कि सादी वर्दी में एक पुलिसकर्मी ने उन पर बंदूक भी तानी. दरअसल, GJU विवाद पर हिसार पुलिस ने जजपा के युवा अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला समेत कई कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज किया था. 

इसका एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा रहा है कि एक पुलिस की गाड़ी दुष्यंत चौटाला की एस्कॉर्ट गाड़ी के सामने खड़ी है. मगर जब दुष्यंत दौड़ते हुए गाड़ी पर चढ़कर उसे रोकने की कोशिश करते हैं, तो वे वहां से गाड़ी लेकर भाग जाता है. 

SP से मुलाकात कर लगाई न्याय की गुहार

मामले में दुष्यंत चौटाला ने एसपी सिद्धांत जैन से मुलाकात की और कहा कि, उन्हें न्याय मिलना चाहिए. मगर एसपी सिद्धांत ने कहा कि, वीडियो में पुलिसकर्मी ने कोई मारपीट नहीं की है. वहीं शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस ने कानून व्यवस्था बनाए रखे जाने के तहत BNS की धारा 163 (पहले 144) लागू की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *