Skip to content

Satna News: सतना में अतिक्रमण हटाने के दौरान भारी बवाल, SDM और टीआई बाल-बाल बचे, कई हिरासत में

मध्य प्रदेश के सतना जिले स्थित सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के डालीबाबा इलाके में अतिक्रमण हटाने के दौरान भारी बवाल हो गया. नगर निगम और प्रशासन की टीम पर स्थानीय लोगों ने अचानक पथराव कर दिया.

हालात इतने बेकाबू हो गए कि भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी और आंसू गैस के गोले दागने पड़े. इस भीषण पथराव में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि एसडीएम (SDM) राहुल सिलाड़िया और थाना प्रभारी (TI) रावेंद्र द्विवेदी बाल-बाल बच गए.

अचानक मकानों की आड़ से शुरू हुआ पथराव

जानकारी के अनुसार, डालीबाबा क्षेत्र में एक निजी भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा कर निर्माण किया गया था. शिकायत मिलने के बाद प्रशासन और नगर निगम की अतिक्रमण विरोधी टीम जेसीबी (JCB) लेकर मौके पर पहुंची थी. टीम ने जैसे ही अवैध भवन को ढहाने की प्रक्रिया शुरू की, तभी आसपास के मकानों की आड़ लेकर कुछ असामाजिक तत्वों ने प्रशासनिक अमले पर भारी पथराव शुरू कर दिया. पथराव इतना तेज था कि मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागना पड़ा.

हवाई फायरिंग और आंसू गैस से हालात पर पाया काबू

स्थिति बिगड़ते देख तत्काल अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया. भारी संख्या में पहुंची पुलिस फोर्स ने पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया. उपद्रवियों को खदेड़ने और हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे और दो राउंड हवाई फायर किए. इसके बाद स्थिति धीरे-धीरे नियंत्रण में आ सकी.

कई लोग हिरासत में, ढहाया गया अवैध कब्जा

सतना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पथराव में शामिल दो पुरुषों और एक महिला को हिरासत में ले लिया है. वीडियो और सीसीटीवी के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है.

बवाल शांत होने के बाद प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच दोबारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की और विवादित अवैध कब्जे को जमींदोज कर दिया गया. फिलहाल क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है. एसडीएम राहुल सिलाड़िया ने स्पष्ट किया है कि सरकारी या निजी जमीनों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसी सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *