Skip to content

Giridih News: हाइवा की चपेट में आने से बुजुर्ग महिला की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने फूंका वाहन

झारखंड के गिरिडीह जिले के हीरोडीह थाना क्षेत्र के किसगो रानीबांध गांव में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई. महिला पत्थर लदे एक हाइवा की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही जान चली गई. मृतका की पहचान बिहार के बांका जिले के बौसी एकहरी गांव की रहने वाली के रूप में की गई है.

बताया जा रहा है कि महिला इन दिनों किसगो में अपने रिश्तेदार के घर आई हुई थी. देर रात वह किसगो से गादिकला स्थित अपनी बहन के घर जा रही थी. इसी दौरान रास्ते में तेज रफ्तार पत्थर लदे हाइवा ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

हादसे के बाद ग्रामीणों में फूटा गुस्सा

घटना के बाद चालक हाइवा को लेकर वहां से भागने की कोशिश कर रहा था. जैसे ही यह बात आसपास के लोगों को पता चली, ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा. आक्रोशित लोगों ने हाइवा को घेर लिया और उसमें आग लगा दी. देखते ही देखते पत्थर से लदा हाइवा धू-धू कर जलने लगा.

घटना की खबर फैलते ही गांव में बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया. लोगों में हादसे को लेकर भारी आक्रोश देखा गया.

घटना की सूचना मिलते ही हीरोडीह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. थाना प्रभारी महेश चंद्र दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और तुरंत अग्निशमन वाहन को बुलाया गया. हालांकि जब तक आग बुझाने की कोशिश की गई, तब तक हाइवा लगभग पूरी तरह जलकर राख हो चुका था.

इधर गुस्साए ग्रामीणों ने महिला के शव को जमुआ-कोडरमा मुख्य मार्ग पर रखकर सड़क जाम कर दिया. इससे कुछ देर के लिए यातायात पूरी तरह ठप हो गया.

मुआवजे की मांग पर अड़े परिजन

मौके पर मौजूद पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों को समझाया और सड़क जाम हटवाया. वहीं मृतक महिला के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिवार के लोग प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग कर रहे हैं.

हीरोडीह थाना प्रभारी महेश चंद्र ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *