छत्तीसगढ़ में रसोई गैस (LPG) की जमाखोरी पर रोक लगाने के लिए खाद्य विभाग और जिला प्रशासन की टीमों ने राज्यभर में 102 स्थानों पर छापेमारी कर 741 गैस सिलेंडर जब्त किए. अधिकारियों के अनुसार, राज्य सरकार ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में घरेलू एलपीजी, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है तथा इनकी उपलब्धता व वितरण की लगातार निगरानी की जा रही है. उन्होंने बताया कि मुख्य सचिव विकास शील ने 12 मार्च को खाद्य विभाग की सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले और तेल कंपनियों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की थी.
रसोई गैस के लिए शुक्रवार को देश के विभिन्न हिस्सों में अफरा-तफरी का माहौल रहा. कई राज्यों में लोग कतारों में लगे रहे, जबकि केंद्र ने बार-बार कहा कि देश में एलपीजी की कोई कमी नहीं है. कई जगहों से भोजनालयों के बंद होने और एलपीजी की जमाखोरी की भी खबरें आई हैं. केंद्र सरकार ने कहा है कि घरों के लिए एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की गई है और गैस सिलेंडर के लिए घबराहट में बुकिंग करने की कोई जरूरत नहीं है.
PNG कनेक्शन का इस्तेमाल करने की मांग
पश्चिम एशिया संकट से ऊर्जा आपूर्ति बाधित होने के बीच सरकार ने शुक्रवार को कहा कि घरों के लिए एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की गई है और गैस सिलेंडर के लिए घबराहट में बुकिंग करने की कोई जरूरत नहीं है. इसके साथ ही सरकार ने पाइप से मिलने वाली रसोई गैस (पीएनजी) नेटवर्क के करीब रहने वाले लगभग 60 लाख परिवारों से इस सुविधा को अपनाने का अनुरोध किया है.
कालाबाजारी करने वालों को सख्त चेतावनी
सरकार ने जमाखोरों और कालाबाजारी करने वालों को चेतावनी दी है कि अगर वे पश्चिम एशिया में युद्ध के कारण पैदा हुए संकट का फायदा उठाने की कोशिश करेंगे, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय में संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पांच मार्च से अब तक घरेलू एलपीजी उत्पादन में 30 प्रतिशत की वृद्धि की जा चुकी है.