झारखंड के गिरिडीह जिले में रसोई गैस की किल्लत लगातार गहराती जा रही है. जिला प्रशासन के दावों के बावजूद जमीनी हकीकत कुछ और है. शहर के बरमसिया रोड स्थित जैन गैस एजेंसी पर शुक्रवार को सिलेंडर लेने पहुंचे लोगों की भीड़ अचानक इतनी बढ़ गई कि धक्का-मुक्की और कहासुनी शुरू हो गई.
हंगामा बढ़ता देख सुरक्षाकर्मी पहुंचे लेकिन स्थिति काबू में नहीं आई तो नगर थाना पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा. पुलिस की मौजूदगी में सिलेंडरों का वितरण शुरू कराया गया तब जाकर हालात सामान्य हुए.
शहरी क्षेत्रों में आपूर्ति ठप
शहर के कई इलाकों में गैस सिलेंडर की आपूर्ति समय पर नहीं पहुंच रही. ऊपर से बुकिंग व्यवस्था भी बंद होने से लोग सीधे एजेंसी पहुंचने लगे हैं जिससे भीड़ और बढ़ रही है. जैन गैस एजेंसी पर शहरी क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग एकसाथ पहुंच गए जिससे स्थिति बेकाबू हो गई.
लोग बोले- चार दिन से खाना नहीं बना
सिलेंडर लेने आए उपभोक्ताओं ने बताया कि गैस नहीं मिलने के कारण चार दिनों से खाना सही से नहीं बन पा रहा है और बच्चे परेशान हैं. लोगों का आरोप था कि घंटों लाइन में लगने के बाद भी सिलेंडर नहीं मिल रहा और एजेंसी वाले सही जानकारी तक नहीं दे रहे. कई परिवारों को घंटों इंतजार के बाद भी खाली हाथ लौटना पड़ रहा है.
पुलिस मौके पर पहुंची, वितरण शुरू कराने के बाद हालात काबू में
हंगामे की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया. पुलिस की मौजूदगी में सिलेंडर वितरण व्यवस्थित तरीके से शुरू कराई गई जिसके बाद भीड़ नियंत्रित हुई. लेकिन शहर के कई हिस्सों में गैस सिलेंडर की कमी अभी भी बनी हुई है और लोगों की चिंता कम होने का नाम नहीं ले रही. जिला प्रशासन से मांग की जा रही है कि आपूर्ति जल्द सुनिश्चित की जाए ताकि आम परिवारों को राहत मिल सके.