Skip to content

Delhi News: बेटे ने किया रिश्तों को शर्मसार! घरेलू झगड़े में ले ली मां की जान, गिरफ्तार

पूर्वी दिल्ली के सीमापुरी इलाके में घरेलू झगड़े ने एक दर्दनाक रूप ले लिया, जहां बेटे ने ही अपनी 60 वर्षीय मां की जान ले ली. पुलिस ने मामले में जांच करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया.

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, 11 मार्च की रात करीब 10:30 बजे नई सीमापुरी इलाके में शेर अली और उसकी पत्नी संजिदा के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया. बताया जा रहा है कि झगड़े के दौरान शेर अली अपनी पत्नी को गाली-गलौज कर रहा था और धमकी दे रहा था. 

मां के साथ की हाथापाई

घर में बढ़ते विवाद को शांत कराने के लिए शेर अली की मां हामिदुन निसा बीच-बचाव करने पहुंचीं. इसी दौरान गुस्से में आए शेर अली ने अपनी मां के साथ हाथापाई कर दी और उन्हें जोर से धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया. गिरने से उन्हें गंभीर चोटें आईं. आसपास के लोगों और पीसीआर की मदद से घायल महिला को तुरंत जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुटी पुलिस

दिल्ली पुलिस ने मृतका की बेटी शबनम की शिकायत पर सीमापुरी थाने में मामला दर्ज किया गया और पुलिस ने जांच शुरू कर दी. जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि वारदात के बाद आरोपी नई सीमापुरी इलाके में ही मौजूद है.

सूचना मिलते ही सीमापुरी थाने की पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इलाके में घेराबंदी की. पुलिस को देखते ही आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों की सतर्कता के चलते उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया.

शराब पीने का आदी था आरोपी ,अक्सर करता था लड़ाई 

दिल्ली पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी शेर अली शराब पीने का आदी है और नशे की हालत में अक्सर घर में झगड़ा करता रहता था. इसी तरह के एक झगड़े के दौरान मां के बीच-बचाव करने पर उसने उन्हें धक्का दे दिया. जिससे उनकी मौत हो गई. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *