
इंदौर एयरपोर्ट के बाहर एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां दिल्ली से लौटे एक बुजुर्ग दंपत्ति को रास्ते में लूट का सामना करना पड़ा। माह लक्ष्मी निवासी 66 वर्षीय अनिल शुक्ला अपनी पत्नी के साथ इंदौर एयरपोर्ट पर उतरने के बाद घर जाने के लिए बाहर स्थित टैक्सी स्टैंड से एक टैक्सी लेकर निकले थे।
बताया जा रहा है कि कुछ ही दूरी तय करने के बाद रेड सिग्नल पर एक युवक ने टैक्सी चालक से लिफ्ट मांगी। ड्राइवर द्वारा मना किए जाने पर युवक ने पेचकस दिखाकर उसे धमकाया और जबरन कार से उतार दिया। इसके बाद उसने कार में मौजूद बुजुर्ग दंपत्ति को निशाना बनाते हुए उनसे पैसे और जेवर देने को कहा।
स्थिति को भांपते हुए अनिल शुक्ला ने विरोध किया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर कॉरिडोर से टकरा गई। शोर-शराबा सुनकर आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और साहस दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया।
इस घटना में अनिल शुक्ला घायल हो गए, जिन्हें तुरंत उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।
