उमरिया। विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से सटे गांवों में जंगली हाथियों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। ताजा मामला मानपुर बफर परिक्षेत्र के गाटा गांव का है, जहां एक जंगली हाथी ने ग्रामीण राजकुमार कुशवाहा के मकान पर हमला कर दिया। घटना के दौरान परिवार के पांच सदस्य घर में मौजूद थे, जिन्होंने दूसरे दरवाजे से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
हाथी ने मकान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके अलावा घर के पास लगे केले और कटहल के पेड़ों को भी नुकसान पहुंचाया। ग्रामीणों के शोर मचाने पर हाथी वापस जंगल की ओर लौट गया।
घटना की सूचना मिलते ही बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व का वन अमला मौके पर पहुंचा और हाथी की निगरानी शुरू कर दी। वन विभाग ने आसपास के ग्रामीणों से सतर्क रहने और हाथी दिखाई देने पर तत्काल सूचना देने की अपील की है।
इस घटना के बाद गाटा गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। वन विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
