न्यूज बाय- Afzal khan
गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र के इंद्रपुरी इलाके में कथित अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर विवाद, स्थानीय लोगों ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए, प्रशासनिक कार्रवाई पर उठे सवाल |

भोपाल। गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली इंद्रपुरी लेबर कॉलोनी में कथित अतिक्रमण हटाने के आदेश के बाद बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि प्रशासन द्वारा बिना उचित नोटिस दिए रातों-रात कॉलोनी खाली करने के निर्देश जारी किए गए, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
लोगों का कहना है कि शनिवार सुबह 8 बजे से तोड़फोड़ की कार्रवाई का आदेश दिया गया, जिसके चलते हजारों परिवार प्रभावित हो रहे हैं। कई परिवारों ने आरोप लगाया कि उन्हें सामान समेटने और सुरक्षित स्थान पर जाने के लिए भी पर्याप्त समय नहीं दिया गया, जिससे बच्चों और बुजुर्गों सहित लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय निवासियों का यह भी कहना है कि क्षेत्र में मंदिर और मस्जिद जैसे धार्मिक स्थल भी मौजूद हैं, बावजूद इसके उन्हें भी इस कार्रवाई के दायरे में बताया जा रहा है, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ गया है।
कॉलोनी के निवासियों ने आरोप लगाया है कि प्रशासन की इस कार्रवाई से हजारों परिवार बेघर होने की कगार पर पहुंच गए हैं और कई लोग खुद ही अपने मकान तोड़कर सामान सुरक्षित करने में लगे हुए हैं।
घटनास्थल पर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और लोग अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। प्रभावित परिवारों ने प्रशासन से अपील की है कि उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था और उचित समय दिए बिना इस तरह की कार्रवाई न की जाए।
वहीं प्रशासन की ओर से अब तक इस मामले पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर विरोध और राजनीतिक प्रतिक्रिया तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

