News by Azam Lala
भोपाल। डिजिटल दौर में बढ़ते साइबर जुर्म के खिलाफ भोपाल ग्रामीण पुलिस का “सेफ क्लिक 2.0” अभियान पूरे शबाब पर है। मध्यप्रदेश पुलिस के 15 दिवसीय साइबर जागरूकता अभियान के पांचवें दिन जिले के अलग-अलग गांवों और पंचायतों में पुलिस अफसरों ने दस्तक देकर अवाम को ऑनलाइन ठगी और साइबर फ्रॉड से महफूज़ रहने का पैग़ाम दिया।

पुलिस अधीक्षक श्री पंकज कुमार पाण्डेय की सरपरस्ती और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रमोद कुमार सोनकर की निगरानी में जिले के तमाम थाना क्षेत्रों में साइबर बेदारी मुहिम लगातार जारी है। साइबर जागरूकता रथ गांव-गांव पहुंचकर लोगों को डिजिटल दुनिया के खतरों से आगाह कर रहा है।
मुहिम के तहत आयोजित साइबर चौपालों में सरपंच, सचिव, पंचायत नुमाइंदों और बड़ी तादाद में ग्रामीणों ने शिरकत की। पुलिस अधिकारियों ने फर्जी कॉल, ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया फ्रॉड, डिजिटल पेमेंट सुरक्षा, ओटीपी और यूपीआई पिन की हिफाज़त जैसे अहम मुद्दों पर तफ्सील से जानकारी दी।
पांचवें दिन एसडीओपी सुश्री अन्तिमा समाधिया ने थाना बिलखिरिया अंतर्गत ग्राम पंचायत छावनी पठार में लोगों को साइबर अपराधियों के हथकंडों से रूबरू कराया। वहीं निरीक्षक श्री रामबाबू चौधरी ने थाना सुखीसेवनिया के ग्राम प्रेमपुरा में कार्यक्रम आयोजित कर साइबर जागरूकता रथ के जरिए कई गांवों में अवेयरनेस फैलायी। एसआई श्री कांतिलाल सुनहरे ने थाना ईटखेड़ी के अचारपुरा गांव में ग्रामीणों को डिजिटल सुरक्षा के गुर बताए।

थाना परवलिया सड़क क्षेत्र के अमन हॉस्पिटल, मुबारकपुर में एएसआई सी.एल. चौधरी ने जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। थाना बैरसिया में निरीक्षक वीरेंद्र सेन, थाना नजीराबाद में निरीक्षक दुर्जन सिंह तथा थाना गुनगा में एसएचओ रिंकू जाटव ने भी नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के तरीके समझाए।
पुलिस अधिकारियों ने अवाम से अपील की कि किसी भी गैर-मालूम शख्स के साथ बैंक खाते की जानकारी, ओटीपी, पासवर्ड या यूपीआई पिन हरगिज़ साझा न करें और किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी तस्दीक ज़रूर करें। साथ ही राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल और 1930 साइबर हेल्पलाइन पर फौरन शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
अभियान के पांचवें दिन आयोजित 15 कार्यक्रमों में करीब 1300 से अधिक सरपंच, सचिव, पंचायत प्रतिनिधि और ग्रामीण साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक हुए। सभी ने सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने और अपने घर-परिवार व समाज को भी साइबर अपराधों के खिलाफ जागरूक करने का अहद (संकल्प) लिया।
भोपाल ग्रामीण पुलिस का कहना है कि “सेफ क्लिक 2.0” अभियान आने वाले दिनों में भी पूरे जिले में इसी जोश-ओ-ख़रोश के साथ जारी रहेगा, ताकि साइबर अपराधों पर लगाम लगाकर एक सुरक्षित और जागरूक डिजिटल समाज की तामीर की जा सके।
